बालाघाट , 29 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के नक्सल प्रभावित जिले बालाघाट में नक्सली गतिविधियां तेज हो गई हैं। नक्सलवादियों ने जंगल में सरकार की नीतियों के खिलाफ पर्चे चस्पा किए हैं। अन्य पर्चो में पुलिस अफसरों को धमकियां दी गई हैं।
पुलिस के अनुसार, बालाघाट जिले के लांजी क्षेत्र के डाबरी और सोनगुड्डा के जंगलों में नक्सलवादियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ पर्चे चस्पा किए हैं। इन पर्चो में नक्सली संगठन ने ग्रामीणों को चेताया है कि वे पुलिस कर्मियों को सहयोग न दें।
इसी तरह एक और पर्चा सामने आया है जिसमें क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक डी.एस. सागर, बालाघाट के पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी सहित कई मुखबिरों के नामों का उल्लेख है। इन सभी को धमकियां भी दी गई हैं।
बालाघाट क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक डी.एस. सागर ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि नक्सलवादियों ने ग्रामीणों का बहकाने के मकसद से ये पर्चे जंगल में फेंके हैं। पुलिस पूरी तरह सतर्क है। गश्त जारी हैं। अफसरों को धमकी देने वाले पर्चो की सत्यता की जांच कराई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों बालाघाट जिले में छत्तीसगढ़ व महाराष्ट्र के पुलिस अधिकारियों की नक्सलवादियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के संदर्भ में एक संयुक्त बैठक हुई थी। संयुक्त अभियान चलाने की रणनीति भी बनी थी।
dharmpath.com dharmpath