नई दिल्ली, 2 फरवरी (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के चौथे संस्करण में मंगलवार को हुए ग्रुप मैच में पंजाब वॉरियर्स ने मेजबान दिल्ली वेवराइडर्स को 5-2 से शिकस्त दे दी।
दिल्ली की घरेलू मैदान पर यह लगातार दूसरी हार है।
दिल्ली को सोमवार को उत्तर प्रदेश विजार्ड्स ने 6-4 से हराया था।
पंचाब को मैच के नौवें मिनट में गोल करने का मौका मिला था जिसे उन्होंने गंवा दिया, लेकिन एक मिनट बाद ही पंचाब को पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिसे गोल में बदलने में मार्क ग्लेगहोर्न ने कोई गलती नहीं की और टीम को 1-0 से आगे कर दिया।
पंजाब ने अपनी बढ़त दोगुनी करने में ज्यादा समय नहीं लिया। टीम को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन इस बार ग्लेगहोर्न चूक गए। उनके शॉट को गोलकीपर मैनचेस्टर ने रोक लिया और गेंद उनसे टकरा कर मार्क नोल्स के पास आई जिसे उन्होंने गोलपोस्ट का रास्ता दिखा टीम का स्कोर 2-0 कर दिया।
दिल्ली ने गोल करने की काफी कोशिश की लेकिन पंजाब की रक्षापंक्ति का उनके पास कोई जवाब नहीं था। इस बीच 22वें मिनट में पंजाब को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिसे क्रिस सिरिलो ने गोल में तब्दील कर स्कोर 3-0 कर दिल्ली की परेशानी को और बढ़ा दिया।
मध्यांतर के बाद भी मेहमानों ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा और एक फील्ड गोल कर दिया, हालांकि वीडियो रेफरल में इस गोल को खारिज कर दिया गया।
खेल के 35वें मिनट में दिल्ली ने अपना खाता खोला। मेजबानों को पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिसे रुपिंदर पाल सिंह ने गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की।
पंजाब ने 37वें मिनट में फील्ड गोल कर बढ़त को 5-1 कर लिया। टीम के लिए पहला फील्ड गोल जैक व्हेटॉन ने किया।
इसके बाद दिल्ली को दो बार पेनाल्टी कॉर्नर मिले, हालांकि वे इसका फायदा उठाने में नाकामयाब रहे।
पंजाब को भी अंतिम क्षणों में दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले लेकिन वह गोल में तब्दील नहीं हो पाए।
55वें मिनट में आखिरकार रुपिंदर पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करने में सफल रहे। इसके बाद कोई गोल नहीं हुआ और पंजाब ने टूर्नामेंट में तीसरी जीत हासिल की।
dharmpath.com dharmpath