मेक्सिको सिटी, 4 फरवरी (आईएएनएस)। मेक्सिको ने देश में जीका वायरस संक्रमण के 37 मामलों की पुष्टि की है। ये मामले देश के 32 राज्यों में से सात में पाए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री मर्सिडिज जुआन ने बुधवार को बताया कि इनमें से 34 लोग देश में ही संक्रमित हुए हैं जबकि चार लोग विदेश में इसकी चपेट में आए हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के मुताबिक बीमारी के सामने आए मामलों में से दो तिहाई का संबंध दक्षिणी राज्य चियापास से है। इन मरीजों में से आधी 16 से 24 साल के बीच की महिलाएं हैं।
जुआन ने कहा कि यह देखते हुए कि यह वायरस गर्भस्थ शिशु को प्रभावित करता है, स्त्री रोग विशेषज्ञों को प्रसव पूर्व चिकित्सा के संबंध में स्वास्थ्य मंत्रालय विशेष प्रशिक्षण देने की योजना बना रहा है।
मंत्रालय के महामारी विज्ञान के महानिदेशक क्युटलाहुआक रुइज मातुस ने चेतावनी दी है कि बीमारी के शिकार लोगों की संख्या अप्रैल-मई से बढ़ सकती है जब तापमान बढ़ेगा और बरसात के मौसम की शुरुआत होगी। उन्होंने बीमारी के स्रोत एडीज एजिप्टी मच्छरों पर काबू पाने का आग्रह किया है।
जीका वायरस लैटिन अमेरिका में तेजी से फैल रहा है। इसके शिकार बालिग लोगों को बुखार, मांसपेशियों और जोड़ों का दर्द, मतली और चकत्ते होते हैं। यह गर्भ में पल रहे शिशु के दिमागी विकास पर बुरा असर डालता है।
dharmpath.com dharmpath