संसद का बजट सत्र 23 फरवरी से (राउंडअप)

नई दिल्ली, 4 फरवरी (आईएएनएस)। संसद का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होगा। सत्र की शुरुआत में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे। संसद में रेल बजट 25 फरवरी को और आम बजट 29 फरवरी को पेश होगा। केंद्र सरकार की ओर से यह जानकारी गुरुवार को दी गई।

संसदीय मामलों के मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीपीए) की बैठक के बाद कहा कि 25 फरवरी को रेल बजट पेश किया जाएगा और अगले दिन आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट जारी की जाएगी।

सीसीपीए की बैठक में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, नजमा हेपतुल्ला, रामविलास पासवान, स्मृति ईरानी और राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी शामिल थे।

नायडू ने कहा कि बजट सत्र का पहला चरण 16 मार्च तक चलेगा, जिसके बाद 39 दिनों का अवकाश होगा। दूसरा चरण 25 अप्रैल को शुरू होगा, जो 13 मई तक चलेगा।

बजट सत्र 81 दिनों का होगा, जिसमें 31 कार्यदिवस होंगे।

सीसीपीए की बैठक से पहले नायडू, राजनाथ सिंह और नकवी ने बजट सत्र के कार्यक्रम पर विपक्ष की राय जानने के लिए उनके नेताओं के साथ चर्चा की, क्योंकि पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुदुच्चेरी में आने समय में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

नायडू ने कहा कि सरकार सुचारु रूप से चलने वाला पूर्ण सत्र चाहती है, जिसमें बीच में समुचित अवकाश हो, ताकि बीच में स्थायी समिति को अपना काम करने का पूरा अवसर मिले। उन्होंने कहा कि बैठक की तिथियां विभिन्न पार्टियों के सुझाव पर आगे-पीछे की जा सकती हैं।

बजट सत्र में अरुणाचल प्रदेश में राष्ट्रपति शासन से संबंधित अध्यादेश को अनुसमर्थन के लिए और दुश्मन की संपत्ति से संबंधित अध्यादेश पर एक विधेयक पारित करने के लिए पेश किया जाएगा।

वित्तमंत्री अरुण जेटली ने उम्मीद जताई है कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विधेयक जल्द ही वास्तविकता बनेगी। इसलिए यह देखना है कि बजट सत्र में यह पारित हो पाता है या नहीं।

सरकार द्वारा कई कोशिशों के बाद भी जीएसटी विधेयक गत वर्ष शीतकालीन सत्र में राज्यसभा में पारित नहीं हो पाया।

इस पर गतिरोध खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात भी की थी।

सरकार के साथ चर्चा में कांग्रेस की तरफ से गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा, समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव, जदयू से शरद यादव व के.सी. त्यागी, बीजद के भर्तृहरि महताब, बसपा के अम्बेथ राजन, तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओ ब्रायन और अन्ना द्रमुक के डॉ. वेणुगोपाल ने हिस्सा लिया।

अरुणाचल प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू किए जाने और हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के दलित शोधछात्र रोहित वेमुला द्वारा आत्महत्या कर लिए जाने से देश के छात्रों व दलित समुदाय में पनपा आक्रोश चर्चा के प्रमुख मुद्दे रह सकते हैं। विपक्ष इन दोनों ताजा घटनाओं पर सरकार को घेरने का प्रयास कर सकता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493