पटना में लोजपा नेता की गोली मारकर हत्या

पटना, 5 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी के कच्ची दरगाह क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के बाहुबली नेता बृजनाथी सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। इस हमले में दो अन्य लोग भी घायल हो गए हैं।

पुलिस के अनुसार, बृजनाथी सिंह अपनी कार से एक रिश्तेदार के यहां जा रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने उन्हें कच्ची दरगाह के पास घेरकर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। गोली लगने से बृजनाथी सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

घायल होने वालों में बृजनाथी सिंह का भतीजा और उनके छोटे भाई की पत्नी बताई जा रही है।

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने बताया कि प्रथम ²ष्टया यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि घायलों को पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद के प्रभाव वाले राघोपुर इलाके में केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की पार्टी के नेता बृजनाथी सिंह की गहरी पैठ बताई जाती है। बृजनाथी की पत्नी वीणा देवी वर्ष 2000 में लालू की पत्नी राबड़ी देवी के खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं, जबकि पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में बृजनाथी के बेटे राकेश रंजन लालू के बेटे तेजस्वी प्रसाद यादव के खिलाफ चुनाव लड़े थे। विजेता तेजस्वी अब बिहार के उपमुख्यमंत्री हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493