कोलंबो, 6 फरवरी (आईएएनएस)। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने शनिवार को श्रीलंका की पूर्व राष्ट्रपति चंद्रिका कुमारतुंगा और विपक्ष के नेता तमिल नेशनल एलाएंस (टीएनए) के आर. संपतन से मुलकात की।
सुषमा के साथ श्रीलंका की यात्रा पर आए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्विटर पर कहा, “एक पुराने मित्र के साथ संबंधों को ताजा करते हुए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पूर्व राष्ट्रपति चंद्रिका कुमारतुंगा से उनके आवास पर मुलाकात की।”
स्वरूप ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, “विपक्ष के नेता टीएनए के सम्पतन की राजनैतिक संदर्भ में सुषमा स्वराज से मुलाकात।”
इससे पूर्व स्वराज ने इस द्वीपीय देश की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दूसरे दिन शनिवार को यहां राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना से मुलाकात की और उन्हें शुक्रवार को आयोजित भारत-श्रीलंका संयुक्त आयोग की बैठक के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने श्रीलंका में चल रहे भारत महोत्सव ‘संगम’ में आयोजित एक प्रदर्शनी ‘राइज ऑफ डिजिटल इंडिया’ का उद्घाटन भी किया।
सुषमा ने शुक्रवार को यहां पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे से मुलाकात की थी और अपने श्रीलंकाई समकक्ष मंगला समरवीरा के साथ भारत-श्रीलंका संयुक्त आयोग के नौंवे सत्र की सह-अध्यक्षता की, जिसके बाद दोनों देशों ने दो समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
dharmpath.com dharmpath