चांडी सरकार सत्ता बरकरार रखेगी : एंटनी

कोच्चि, 6 फरवरी (आईएएनएस)। पूर्व रक्षामंत्री ए. के. एंटनी ने शनिवार को कहा कि इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद भी ओमन चांडी की सरकार सत्ता में बनी रहेगी। लेकिन एंटनी का यह अनुमान राज्य के अबतक के इतिहास के विपरीत है।

एंटनी ने कहा, “आज तक किसी भी सरकार ने राज्य के लिए इतना नहीं किया है। इसलिए जनता एक बार फिर चांडी सरकार को ही चुनेगी।”

राज्य में कोई भी सरकार लगातार दो बार सत्ता में नहीं आ पाई है। यहां एक बार कांग्रेसनीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की सरकार बनती है, तो दूसरी बार मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्चा की सरकार बनती है।

राज्य सरकार पर सौर घोटाले और मयखाना लाइसेंस घोटाले के आरोपों पर एंटनी ने कहा, “हां यहां फिलहाल कुछ मुद्दे हैं, लेकिन केरल के लोग सच्चाई जानते हैं कि क्या चल रहा है। इसलिए जब वे वोट देने जाएंगे तो चांडी सरकार के लिए ही वोट देंगे।”

एंटनी केरल के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं और हर बार उन्होंने अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा किया था।

140 सदस्यीय केरल विधानसभा के चुनाव इस साल अप्रैल-मई में होने की संभावना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493