दिल्ली नगर निगम कर्मियों ने प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री के पुतले फूंके

नई दिल्ली, 6 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को भी जारी है। उन्होंने यहां वेतन की मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पुतले फूंके।

उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार दोनों में कोई भी हमारी मांगें पूरी करने को तैयार नहीं है।

एमसीडी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने डॉक्टरों की हड़ताल खत्म होने के दावे को गलत बताया और कहा, “हड़ताल जारी है। नगर निगम का प्रत्येक कर्मचारी, चाहे वह सफाई कर्मचारी हो, डॉक्टर हो, इंजीनियर हो या शिक्षक हो, सभी हड़ताल पर हैं। कुछ तत्व जानबूझकर भ्रम फैला रहे हैं कि डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी है।”

उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होती, हड़ताल जारी रहेगी।

दिल्ली के निगम कर्मचारी पिछले कई महीनों से वेतन भुगतान नहीं होने को लेकर आन्दोलन कर रहे हैं। पिछले 11 दिनों से वे हड़ताल पर हैं।

दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने शुक्रवार को दो निगमों को 300 करोड़ रुपये ऋण मुहैया कराने की घोषणा करते हुए हड़ताल खत्म करने की अपील की थी।

इसी हफ्ते केजरीवाल सरकार ने भी उत्तरी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम को वेतन भुगतान के लिए 551 करोड़ रुपये ऋण देने की घोषणा की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493