मौनी अमावस्या : संगम में 80 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

लखनऊ, 8 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की प्रयाग नगरी इलाहाबाद में 80 लाख श्रद्धालुओं ने मौनी अमावस्या के मौके पर पवित्र संगम में डुबकी लगाई। प्रशासन के मुताबिक अभी भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान कर रहे हैं और अनुमान है कि एक करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे।

माघ महीने के प्रमुख स्नान पर्व मौनी अमावस्या पर सोमवार को तीर्थराज प्रयाग में देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। दोपहर तक ही लगभग 80 लाख श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके थे।

इलाहाबाद के एडीएम सिटी गंगाराम गुप्ता ने 80 लाख श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने का दावा किया। उन्होंने बताया कि दोपहर के बाद भी श्रद्धालुओं के स्नान का सिलसिला लगातार जारी है और उम्मीद है कि शाम तक यह आंकड़ा एक करोड़ को पार कर सकता है।

संगम तट पर कल्पवास लिए कल्पवासी व बाहर से आए श्रद्धालु संगम और गंगा पर बने 18 घाटों पर उमड़ने लगे थे। समय बीतने के साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई।

मौनी अमावस्या के मौके पर स्नान करने वाले संतों में प्रमुख रूप से स्वरूपानंद सरस्वती, शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरि, स्वामी बासुदेवानंद और स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती ने भी स्नान किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493