मुंबई, 8 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तानी गायक शफकत अमानत अली ने गजल सम्राट जगजीत सिंह के 75वें जन्मदिन पर सोमवार को उन्हें याद किया है, उनके द्वारा विश्व संगीत को दी गई गजलों के लिए याद किया है।
अली ने आईएएनएस से कहा, “जगजीत सिंह जी ने पाश्चात्य संगीत वाद्यों को पेश कर गजल की एक नई शैली पेश की है। इस मिश्रण की खूबसूरती यह रही कि उन्होंने अपने भीतर पूर्वी मिठास और शैली बनाए रखी तथा हमेशा सही शेर चुने और अधिकांश को सही संगीत मिले।”
अली ने कहा कि जगजीत सिंह के संगीत ने आम और खास दोनों तरह के श्रोताओं को प्रभावित किया है।
उन्होंने कहा, “उनकी मखमली आवाज लोगों के कानों में हमेशा गूंजती रहेगी।”
शफकत ने बॉलीवुड में कई सारे लोकप्रिय गीत गाए हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि गजल उनकी पसंदीदा शैली है और यह वर्षो से उनके परिवार की परंपरा का हिस्सा रहा है।
अली इस समय जी टीवी पर प्रसारित हो रहे एक संगीतमय रियलिटी शो एशियाज सिंगिंग सुपरस्टार के निर्णायक मंडल में हैं। शंकर महादेवन भी उनके साथ निर्णायक मंडल के सदस्य हैं।
dharmpath.com dharmpath