दक्षिण एशियाई खेल : भारतीय महिला फुटबाल टीम श्रीलंका से भिड़ने को तैयार

शिलांग, 8 फरवरी (आईएएनएस)। यहां जारी 12वें दक्षिण एशियाई खेलों में भारतीय महिला फुटबाल टीम मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ अपना दूसरा मैच खेलने उतरेगी तो उसका लक्ष्य टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत हासिल करना होगा।

इससे पहले भारतीय महिलाओं को मालदीव के खिलाफ अपना पहला मुकाबला गोलरहित ड्रॉ खेलना पड़ा था।

भारतीय टीम ने हालांकि मालदीव के खिलाफ मैदान पर अपना दबदबा बनाए रखा था।

भारतीय टीम के मुख्य कोच सज्जाद दार ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाले मैच को करो या मरो वाला मैच बताया है।

उन्होंने सोमवार को कहा, “यह हमारे लिए आर-पार की लड़ाई है जिसे हमें हर हाल में जीतना है। तीन अंक मिलने से हमारे ऊपर से दबाव कम होगा। हमारी टीम ने पहले मैच में आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। अभ्यास सत्र में हमने मौकों को गोल में बदलने पर ध्यान दिया है।”

टीम के कोच का मानना है कि श्रीलंका की टीम छुपी रुस्तम साबित हो सकती है।

उन्होंने कहा, “हमें अपने प्रतिद्वंद्वी से सतर्क रहने की जरूरत है। हम जीतने के लिए खेलेंगे और हमारी कोशिश मैदान पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की होगी।”

मालदीव के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेलने के बाद टीम की कप्तान बेमबेम देवी का कहना है, “अगर हमने मौकों को गंवाया नहीं होता तो हम मैच जीत जाते।”

श्रीलंका के खिलाफ होने वाले मैच पर बेमबेम देवी ने कहा, “मैच आसान नहीं होगा। हमें पूरी तरह तैयार रहना होगा। हमें यह साबित करना होगा कि हम दक्षिण एशिया क्षेत्र की सर्वश्रेष्ठ टीम हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493