बिहार : सेना का कैप्टन रेलगाड़ी से लापता, मामला दर्ज

कटिहार/बेगूसराय, 10 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय सेना के एक कैप्टन के लापता होने का एक मामला प्रकाश में आया है। लापता कैप्टन के परिजनों ने बरौनी रेल थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

पुलिस के अनुसार, जम्मू में तैनात कैप्टन शिखरदीप (25) एक महीने की छुट्टी पर अपने घर आया था। छुट्टी बीत जाने के बाद छह फरवरी को शिखरदीप महानंदा एक्सप्रेस पर सवार होकर कटिहार रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना हुआ। इसी यात्रा के दौरान शिखरदीप लापता हो गया।

परिजनों का कहना है कि छह फरवरी की रात तक कैप्टन से मोबाइल पर बात हुई थी।

बरौनी रेल थाना प्रभारी आलोक प्रसाद ने बुधवार को बताया कि कैप्टन के बहनोई और कटिहार निवासी जिम्मी प्रकाश के बयान के आधार पर बरौनी रेल थाने में शिखरदीप के लापता होने तथा अपहरण की आशंका की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

कटिहार के पुलिस अधीक्षक (रेल) जितेन्द्र मिश्रा ने बताया कि रेलगाड़ी जब दिल्ली पहुंची, तब कैप्टन का सामान था, परंतु कैप्टन अपनी सीट पर नहीं पाया गया।

शिखरदीप के पिता अनंत कुमार सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर पड़ोसी राज्य झारखंड के रांची में पदस्थापित हैं।

मिश्रा ने बताया कि कैप्टन शिखरदीप के मोबाइल फोन के काल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं। रेलगाड़ी (महानंदा एक्सप्रेस) के टीटीई एवं बेडरोल कर्मी (रेल में चादर देने वाला) से भी पूछताछ की गई है। बेडरोल कर्मी के अनुसार, शिखरदीप को अंतिम बार कानपुर में देखा गया था। वर्तमान समय में कैप्टन का मोबाइल बंद बताया जा रहा है।

मिश्रा ने कहा कि पुलिस सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है।

शिखरदीप मूल रूप से पूर्णिया जिले के महेन्द्रपुर गांव के निवासी हैं और फिलहाल उनका परिवार कटिहार में रह रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493