दक्षिण एशिया खेल : नेपाल से गुरुवार को भिड़ेगी भारतीय महिला फुटबाल टीम

शिलांग, 10 फरवरी (आईएएनएस)। श्रीलंका के खिलाफ 5-0 से जीत दर्ज करने के बाद उत्साहित भारतीय महिला फुटबाल टीम गुरुवार को जब नेपाल के खिलाफ मैदान पर उतरेगी तो उसकी कोशिश अपनी मौजूदा फॉर्म को बरकरार रखने की होगी।

मालदीव के साथ गोलरहित ड्रॉ खेलने के बाद भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ पहली जीत हासिल की।

दूसरी तरफ नेपाल भी शानदार फॉर्म में है। उसने प्रतियोगिता में अब तक एक भी गोल नहीं खाया है। नेपाली महिला टीम ने अपने पहले मैच में मालदीव को 2-0 से हराया था और उसके बाद बांग्लादेश को 3-0 से शिकस्त दी।

हालांकि नेपाल की महिला फुटबालरों के लिए भारत की रक्षापंक्ति को भेदना आसान नहीं होगा।

भारतीय कोच सज्जाद डार ने कहा, “नेपाल प्रतियोगिता की मजबूत टीमों में से एक है। हम अपने विपक्षी का सम्मान करते हैं। वह हमें हराने का दम रखते हैं। हमें अपने काम पर ध्यान देना होगा। शुरुआती गोल हमारे लिए काफी अच्छा रहेगा। हम हालांकि नेपाल के साथ आसान मुकाबले की उम्मीद नहीं कर रहे।”

भारतीय टीम की कप्तान बेमबेम देवी ने कहा है कि वह श्रीलंका के खिलाफ मिली जीत से काफी खुश हैं लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि टीम को अगले मैच में जीत हासिल करने पर ध्यान देना है।

उन्होंने कहा, “हम उस जीत के हकदार थे, लेकिन हमें उसे यहीं पर छोड़ देना चाहिए। हमारा ध्यान अब अगले मैच पर जीत हासिल करने पर होना चाहिए। अभी दो मैच बाकी हैं।”

उन्होंने कहा, “फुटबाल में हमेशा सुधार की गुंजाइश रहती है। श्रीलंका के खिलाफ मिली जीत से हमारा मनोबल बढ़ा है। हमारी कोशिश आगे भी जीत हासिल करने की होगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493