दक्षिण एशियाई खेल : भारतीय निशानेबाजों ने जीता 3 स्वर्ण पदक

गुवाहाटी, 10 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय निशानेबाजों ने यहां जारी 12वें दक्षिण एशियाई खेलों के छठे दिन बुधवार को तीन स्वर्ण पदकों पर कब्जा जमाया।

बुधवार को निशानेबाजी स्पर्धा में कुल चार फाइनल मैच खेले गए, जिनमें से तीन में भारतीय निशानेबाज शीर्ष पर रहे।

रियो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर चुकीं अपूर्वी चंदेला ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर निशाना लगाया।

अपूर्वी के लिए बुधवार का दिन दोहरी सफलता वाला रहा। टीम स्पर्धा में भी उन्होंने पूजा घाटकर और एलिजाबेथ सुसन कोशी के साथ मिलकर भारत को एक और स्वर्ण पदक दिलाया।

तीसरा स्वर्ण पदक पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में ओंकार सिंह, प्रकाश नानजप्पा और ओम प्रकाश वाली भारतीय टीम ने हासिल किया।

महिलांओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में अपूर्वी के अलावा पूजा और एलिजाबेथ ने शीर्ष तीन स्थानों पर रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया।

अपूर्वी ने जहां शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया, वहीं स्पर्धा के रजत और कांस्य भी भारत की झोली में ही आए। एलिजाबेथ ने रजत और पूजा ने कांस्य पर निशाना लगाया।

वहीं टीम स्पर्धा में तीनों भारतीय निशानेबाजों का संयुक्त स्कोर 1248.5 रहा और दूसरे स्थान पर रही श्रीलंकाई टीम (1218.5) उनसे काफी पीछे रहीं।

बांग्लादेश की टीम ने 1215.7 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में ओंकार, प्रकाश और ओम प्रकाश वाली भारतीय टीम ने 1622 का स्कोर करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। पाकिस्तान को स्पर्धा का रजत और बांग्लादेश को कांस्य पदक मिला।

व्यक्तिगत स्पर्धा में ओम प्रकाश बांग्लादेश के शकील अहमद के हाथों मामूली अंतर से चूक गए और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

शकील के फाइनल में 187.6 अंक रहे, जबकि प्रकाश 187.3 अंक अर्जित कर सके। स्पर्धा का कांस्य पाकिस्तान के कलिमुल्ला खान को मिला।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493