नई दिल्ली, 11 फरवरी (आईएएनएस)। अबूधाबी के शहजादे और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की सशस्त्र सेनाओं के उप कमांडर शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने गुरुवार को राजघाट जाकर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पचक्र चढ़ाए।
उनके साथ केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री धर्मेद्र प्रधान भी थे।
अल नाहयान ने गांधीजी के सम्मान में एक मिनट का मौन रखा। एक पौधा लगाया और उस पेड़ में पानी डाला जिसे दिवंगत शेख जायद बिन सुल्तान अल नाहयान ने भारत यात्रा के दौरान लगाया था।
अल नाहयान ने आगंतुक पुस्तिका में लिखा, “दुनिया को आज उन सिद्धांतों और मूल्यों की अधिक जरूरत है जिनके साथ गांधी ने जीवन जिया था।”
शहजादे ने महात्मा गांधी के कथनों के संग्रह को देखा। उन्हें उपहार दिए गए।
अल नाहयान के साथ दुबई के शहजादे शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मक्तूम और यूएई के उप प्रधानमंत्री लेफ्टिनेंट जनरल शेख सैफ बिन जायद अल नाहयान, यूएई के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी थे।
अल नाहयान बुधवार को तीन दिन की भारत यात्रा पर पहुंचे। गुरुवार को उनका राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया।
dharmpath.com dharmpath