हेडली ने ठाकरे की हत्या की साजिश की बात स्वीकारी (लीड-1)

मुंबई, 12 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली ने शुक्रवार को अहम खुलासा करते हुए कहा कि उसने शिवसेना प्रमुख मरहूम बाल ठाकरे व शिवसेना भवन पर हमले के इरादे से मुंबई के दादर पश्चिम स्थित शिव सेना भवन (मुख्यालय) की रेकी की थी।

सरकारी गवाह बन चुके हेडली ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अपने बयान में कहा कि उसने शिव सेना के मौजूदा अध्यक्ष और बाल ठाकरे के बेटे उद्धव ठाकरे के जनसंपर्क अधिकारी राजाराम रेगे के साथ मजबूत सम्बंध बनाए और दो बार शिवाजी पार्क के पास स्थित शिव सेना भवन का दौरा किया था।

अमेरिका की जेल में बंद हेडली ने विशेष टाडा अदालत के न्यायाधीश जी.ए. सनाप से कहा, “मैंने शिवसेना भवन के अंदर और बाहर से उसकी वीडियो ली थी। मुझे लगा था कि लश्कर-ए-तैयबा उस पर हमला करने और ठाकरे की हत्या में दिलचस्पी जताएगा। मैंने साजिद मीर तथा मेजर इकबाल को दो से तीन वीडियो उपलब्ध कराए थे।”

हेडली ने कहा कि बाद में उसने विलास नामक व्यक्ति बनकर दिग्गज फिल्म निर्माता महेश भट्ट के बेटे राहुल भट्ट से मुलाकात की थी। उसने राहुल भट्ट से मोक्ष जिम में एक बॉडी बिल्डिंग कंपीटिशन के दौरान मुलाकात की थी, जहां विलास इंचार्ज था।

हेडली ने बीते पांच दिनों में कई अहम खुलासे किए हैं। शुक्रवार को उसने एक और खुलासा करते हुए कहा कि पाकिस्तान की इंटर सर्विसेज इंटेलीजेंस (आईएसआई) भारत के परमाणु संस्थान भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बार्क) के स्टाफ से ‘गोपनीय जानकारी’ निकलवाने की फिराक में था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493