कन्नूर (केरल), 12 फरवरी (आईएएनएस)। यहां एक अदालत ने आरएसएस कार्यकर्ता ई.मनोज की हत्या के आरोपी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता पी.जयराजन को शुक्रवार को एक महीने की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
केरल उच्च न्यायालय ने गुरुवार को जयराजन की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
मनोज की हत्या की जांच कर रहे केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने जयराजन को आरोपी बनाया है। उन पर गैरकानूनी गतिविधि (निवारक) अधिनियम की धाराएं लगाई गई हैं। इस वजह से उन्हें अग्रिम जमानत मिलनी मुश्किल हो गई।
तेल्लिचेरी अदालत में खुद को पेश करने से पहले जयराजन (63) ने संवाददाताओं से कहा कि उनके खिलाफ दर्ज मामला ‘झूठा’ है और यह आरएसएस और मुख्यमंत्री ओमन चांडी की मिलीभगत का नतीजा है।
एंबुलेंस से अदालत पहुंचे जयराजन ने कहा, “मुझ पर लगाए गए इस झूठे मामले के पीछे का खेल यह है कि कन्नूर में माकपा को खत्म कर दो।”
जयराजन पूर्व विधायक और कन्नूर जिले में माकपा के सचिव रह चुके हैं।
मनोज पर एक सितंबर, 2014 को सात लोगों के समूह ने हमला किया था। हमलावरों ने पहले उनकी गाड़ी पर बम फेंका था और फिर उन्हें काट डाला था।
सीबीआई ने हत्या के मामले में 23 लोगों को गिरफ्तार किया था।
यह मामला जयराजन और माकपा के लिए एक और झटका है। इसी हफ्ते के शुरू में उच्च न्यायालय ने इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के कार्यकर्ता अब्दुल शकूर की हत्या के मामले की सीबीआई जांच का आदेश दिया है। जयराजन इस मामले में भी आरोपी हैं।
dharmpath.com dharmpath