खंडवा, 12 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश को खंडवा जिले में इंदिरा सागर बांध के करीब विकसित किए गए पर्यटन स्थल हनुवंतिया टापू पर शुक्रवार को 10 दिवसीय जल महोत्सव शुरू हुआ। हनुवंतिया टापू से नजर आती पानी की हिलोरें और यहां के प्राकृतिक सौंदर्य ने सभी को गदगद कर दिया।
जल महोत्सव का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पर्यटन के क्षेत्र के सस्टेनेबल विकास हमारी प्राथमिकता है। इसमें पर्यावरण को ध्यान में रखकर काम किया जाएगा। इतना ही नहीं, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हनुवंतिया में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में पर्यटन कैबिनेट बनाने और पर्यटन नीति में संशोधन करने के निर्णय लिए गए हैं।
समारोह में मौजूद केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि हनुवंतिया में प्राकृतिक सुंदरता और विपुल जलराशि को देखकर उन्हें आनंद मिला है। उन्होंने अपेक्षा की है कि अगली बार आने पर हनुवंतिया का नया स्वरूप उन्हें देखने को मिलेगा। यहां की सुंदरता अकल्पनीय है, जिसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।
नायडू ने हनुवंतिया टूरिस्ट परिसर का अवलोकन किया। इस मौके पर अटोई कन्वेंशन के अवार्ड विजेताओं को सम्मानित किया गया।
महोत्सव में युवाओं को एडवेंचर टूरिज्म का प्रशिक्षण देने के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम एवं एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (अटोई) के बीच एमओयू भी हस्ताक्षरित हुआ। अटोई के पदाधिकारी अक्षय कुमार ने हनुवंतिया को देश का नया टूरिज्म डेस्टिनेशन बताया।
जल महोत्सव के लिए हनुवंतिया के पास बने टेंट नगर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगे ध्वज के साथ रोशनी भी की गई है। इसमें 120 स्विस कटेज भी बनाए गए हैं। आंतरिक वाहन व्यवस्था के लिए बैटरी चलित गोल्फ कार उपलब्ध है।
dharmpath.com dharmpath