पटना, 13 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने यहां शनिवार को कहा कि बिहार में बढ़ते अपराध से राज्य की छवि धूमिल हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर आक्षेप करते हुए सवाल किया कि आखिर दो महीने के अंदर ही राज्य में ‘डर का माहौल’ क्यों बन गया।
पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, “बिहार में अपराध बढ़ रहा है और यह बहुत ही चिंता का विषय है, दुर्भाग्यपूर्ण और भर्त्सना के योग्य है।”
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “नीतीश कुमार जी और लालू प्रसाद जी जनता के समर्थन से जीतकर आए हैं और उनकी सरकार बनी है। अभी कुछ महीने ही गुजरे हैं और बिहार में खौफ का माहौल क्यों बन गया है?”
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने पूछा कि जब नीतीश कुमार भाजपा के साथ सरकार चला रहे थे तो उस समय अपराध पर पूरा नियंत्रण था और आज जब वह राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद के साथ शासन चला रहे हैं, तो राज्य में खौफ का माहौल क्यों बन गया है?
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शुक्रवार को दिनभर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करते हैं और शाम को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष की हत्या हो जाती है, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।
dharmpath.com dharmpath