नई दिल्ली, 13 फरवरी (आईएएनएस)। दुनिया की अग्रणी सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइट फेसबुक की भारत में प्रबंध निदेशक कृथिगा रेड्डी के फेसबुक छोड़ने के एक दिन बाद शनिवार को कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा है कि कृथिगा फ्री बेसिक्स अभियान से जुड़ी नहीं थीं।
कृथिगा ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया और कहा है कि वह अगले छह से 12 महीनों में अमेरिका वापस चली जाएंगी।
फेसबुक के प्रवक्ता ने कहा, “वह पिछले कुछ समय से इसकी योजना बना रही थीं और अब वह वापस अमेरिका में कंपनी के मुख्यालय में काम संभाल लेंगी। उन्होंने भारत में हमारे वैश्विक बिक्री को बढ़ाने के लिए जो कुछ किया उस पर हमें गर्व है। भारत में अपने कार्यकाल के दौरान कृथिगा कंपनी की फ्री बेसिक्स सेवा शुरू करने के प्रयासों से जुड़ी नहीं थीं।”
उल्लेखनीय है कि फेसबुक ने अपनी अति महत्वाकांक्षी योजना फ्री बेसिक्स भारत में शुरू करने से पहले ही 11 फरवरी को वापस ले ली। फेसबुक को भारत के दूरसंचार नियामक ट्राई द्वारा सामग्री के आधार पर इंटरनेट सेवाओं के लिए भेदभावपूर्ण मूल्य लगाए जाने से इनकार करने के बाद फेसबुक को अपनी यह योजना भारत से वापस लेनी पड़ी।
वहीं कृथिगा ने भारत में कंपनी का कार्यभार छोड़कर वापस अमेरिका जाने के अपने निर्णय के पीछे व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है।
dharmpath.com dharmpath