भुवनेश्वर, 13 फरवरी (आईएएनएस)। ओडिशा के पर्यटन व संस्कृति मंत्री अशोक पांडा ने शनिवार को राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) को नोटिस जारी कर पोलैंड के एक समूह द्वारा यहां प्रदर्शित नाटक में ‘नग्न दृश्य’ होने की सफाई मांगी है।
पोलैंड के थियेटर समूह अलेक्जेंडर जिएरेको ने शुक्रवार को यहां रविन्द्र मंडप में ‘सोनाका’ नाटक का मंचन किया था। इस नाटक के दौरान पेटिंग बनवाने के एक दृश्य में नायिका ने कमर तक अपने वस्त्र उतार दिए थे, इस दृश्य से कई दर्शकों ने असुविधा महसूस की।
इस नाटक का मंचन राष्ट्रीय नाट्य उत्सव के दौरान किया गया जिसका आयोजन ओडिशा संगीत नाटक अकादमी और राज्य सरकार का संस्कृति मंत्रालय मिलकर कर रहा है।
पांडा ने इस संबंध में कहा कि नग्न दृश्य की जगह प्रतीकों से काम लिया जा सकता था। इसलिए एनएसडी के अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की गई है।
उन्होंने कहा कि उड़ीसा की संस्कृति में नग्नता के लिए कोई जगह नहीं है। इसलिए ऐसे दृश्य को दूसरे तरीके से दिखाया जाना चाहिए था।
इस दौरान नारी संचेतन मंच समूह की महिलाओं ने ‘नग्न दृश्य’ को लेकर शनिवार को सड़क जाम किया और रविंद्र मंडप को बंद करवा दिया।
dharmpath.com dharmpath