पटना, 13 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार में सत्ताधारी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक राजबल्लभ यादव के खिलाफ शनिवार को गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। विधायक हालांकि फरार हैं।
पुलिस ने बताया कि एक नाबालिग बच्ची ने राजबल्लभ के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद यह वारंट जारी हुआ है।
नाबालिग पीड़िता नालंदा की रहने वाली है।
पुलिस ने बताया कि राजबल्लभ के खिलाफ प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए।
पुलिस उप महानिरीक्षक (पटना संभाग) शालीन ने पत्रकारों से कहा कि पुलिस ने पीड़िता के बयान और सबूतों के आधार पर आरोप सही पाए जाने के बाद राजबल्लभ के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया।
शालीन ने कहा, “पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़िता के बयान के आधार पर उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। पीड़िता ने घटनास्थल और आरोपी राजबल्लभ की पहचान कर ली है।”
बच्ची ने छह फरवरी को शिकायत दर्ज करवाई थी। दर्ज शिकायत के अनुसार, सुलेखा देवी नाम की एक महिला पीड़िता को नालंदा में एक अनजान जगह ले गई और जबरन शराब पिलाई। इसके बाद एक व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जिसे बाद में पीड़िता ने राजबल्लभ के रूप में पहचाना।
पीड़िता ने बताया कि दुष्कर्म के बाद उसे महिला ने 30,000 रुपये दिए। उसके बाद वह अपने घर आ गई और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
dharmpath.com dharmpath