नई दिल्ली, 16 फरवरी (आईएएनएस)। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के एक पूर्व छात्र ने दिल्ली स्थित पटियाला हाउस अदालत परिसर में सुरक्षित और बेहतर वातावरण सुनिश्चित कराने के आग्रह के साथ सर्वोच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की है। याचिका पर बुधवार को सुनवाई होगी।
याचिका सोमवार की उस घटना के संदर्भ में दायर की गई है, जिसमें वकीलों ने जेएनयू के छात्रों और पत्रकारों की पिटाई की थी।
जेएनयू के पूर्व छात्र एन.डी.जयप्रकाश की तरफ से वकील इंदिरा जयसिंह ने प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति टी.एस.ठाकुर की पीठ के सामने मामले को रखा। उन्होंने कहा कि देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की जान को खतरा है।
इंदिरा जयसिंह ने शीर्ष अदालत से कहा कि यह एक ऐसा गंभीर मामला है, जिसमें अदालत को दखल देने की जरूरत है।
प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि मामले की सुनवाई बुधवार को की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath