भोपाल, 16 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सतना जिले की मैहर विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में मिली जीत से भारतीय जनता पार्टी उत्साहित है और वह इसे जनता की जीत बता रही है। जबकि कांग्रेस ने इस जीत को सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर हससिल की गई जीत बताया है।
मैहर में भाजपा उम्मीदवार नारायण त्रिपाठी ने 28,281 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कराई है। इस जीत पर राजधानी भोपाल से लेकर सतना तक भाजपा जश्न मना रही है। भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयाजित समारोह में जमकर आतिशबाजी हुई और मिठाइयां बांटी गईं।
पार्टी कार्यालय में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह जीत जनता की जीत है, कार्यकर्ताओं के परिश्रम की जीत है।
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने सतना जिले की मैहर सीट पर अपनी पार्टी की पराजय और प्राप्त जनादेश को स्वीकार करते हुए भाजपा की विजय को शासन, प्रशासन तंत्र के दुरुपयोग और धन-बल की जीत बताया है।
यादव ने आरोप लगाया, “भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए सरकारी मशीनरी का भरपूर दुरुपयोग किया है। एक ही रात में हजारों बीपीएल कार्ड बना दिए गए, सरकारी वाहनों में भाजपा की प्रचार सामग्री मिली, शराब और नगदी का मिलना भाजपा की चुनाव लड़ने की हकीकत बयां कर रही है।”
dharmpath.com dharmpath