मप्र : मैहर उपचुनाव में भाजपा के त्रिपाठी जीते (राउंडअप)

भोपाल, 16 फरवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में सतना जिले के मैहर विधानसभा क्षेत्र के लिए हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नारायण त्रिपाठी ने 28281 वोटों से जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार मनीष पटेल को शिकस्त दी है। जीत से भाजपा में जश्न का माहौल है।

मैहर विधानसभा का उपचुनाव कश्मकश भरा था, क्योंकि यहां विधायक रह चुके नारायण त्रिपाठी के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आने के चलते उपचुनाव हो रहा था। इतना ही नहीं, भाजपा ने त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया था। इस चुनाव में कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी।

पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार भाजपा के प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतरे त्रिपाठी को दो गुना 82 हजार 658 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार मनीश पटेल को 54377 वोट हासिल हुए हैं। इस तरह भाजपा प्रत्याशी की 28 हजार 281 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। वहीं बसपा के उम्मीदवार रामलखन पटेल को 9892 वोट मिले।

मतगणना पूरी होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष मिश्रा ने त्रिपाठी को विजयी घोषित करते हुए प्रमाणपत्र प्रदान किया। त्रिपाठी ने इस जीत को जनता और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की नीतियों की जीत बताया है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में इस जीत को जनता की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह अकल्पनीय जीत है, क्योंकि हर किसी का कयास था कि यह चुनाव भाजपा के लिए कठिन है, मगर हर वर्ग के समर्थन से इतनी बड़ी जीत मिली है।

वहीं कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने जनादेश को स्वीकारते हुए कहा है कि यह वास्तव में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग की जीत है। सरकार ने प्रशासन का जमकर बेजा इस्तेमाल किया।

मतगणना की शुरुआत मंगलवार को सुबह आठ बजे हुई। पहले चक्र से ही भाजपा उम्मीदवार त्रिपाठी बढ़त का सिलसिला शुरू कर दिया था। यह बढ़त हर चक्र की मतगणना के बाद बढ़ती गई। 11 चक्र की मतगणना होने तक यह बढ़त 13 हजार से ज्यादा वोटों की हो गई थी। मतगणना के सभी 21 चक्रों में भाजपा प्रत्याशी की बढ़त कायम रही।

कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच मंगलवार को जिला मुख्यालय के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हो गई थी। मतगणना का कार्य 14 टेबल पर हुआ और यह मतगणना 21 चक्रों में पूरी हुई। यहां 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे।

मैहर उपचुनाव में 13 फरवरी को मतदान हुआ था। कुल एक लाख 63 हजार 499 मतदाता ने मतदान में भाग लिया था। मतदान का प्रतिशत 71.77 रहा था।

राज्य में वर्ष 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में नारायण त्रिपाठी कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर मैहर से विधायक चुने गए थे। पिछले दिनों उन्होंने भाजपा की सदस्यता लेते हुए विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। इसी कारण यहां उपचुनाव कराया गया।

भाजपा ने कांग्रेस से आए त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया था, जबकि कांग्रेस ने पिछला चुनाव बसपा से लड़ चुके मनीष पटेल को पार्टी में शामिल कर अपना उम्मीदवार बनाया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493