भुवनेश्वर, 17 फरवरी (आईएएनएस)। ओडिशा के राउरकेला शहर से प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया(सिमी) के पांच संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया। ये आतंकवादी मध्य प्रदेश की जेल से भागे थे।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि मध्य प्रदेश के खांडवा कारागार से पांच आतंकवादी भागे थे, जिनमें एक महिला भी शामिल है। इन सभी को मंगलवार देर शाम ओडिशा पुलिस ने एक संयुक्त अभियान चलाकर राउरकेला के एक घर में धर दबोचा।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के.बी. सिंह ने बताया कि पकड़े गए आतंकवादियों की पहचान मोहम्मद खालिद, अमजद खान, जाकिर खान, महबूब खान और उसकी मां नजमा के रूप में हुई है।
विशेष पुलिस महानिदेशक (इंटेलीजेंस) अरुण सारंगी ने कहा कि उन्हें तीन घंटे चले अभियान के बाद गिरफ्तार किया गया।
सिंह ने कहा, “सभी मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश में सिमी गतिविधियों में संलिप्त हैं। वे फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर रहे थे और राउरकेला में अपने मंसूबों के लिए डकैती के जरिए पैसे इकट्ठे कर रहे थे। पांचों मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को इनकी तलाश थी।”
सारंगी ने कहा कि पांचों एक बैंक डकैती में भी शामिल थे और राज्य के बाहर कई आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्त होने का भी अनुमान है।
आतंकवादियों के कब्जे से पांच बंदूकें और कई गोलियां बरामद हुई हैं।
dharmpath.com dharmpath