न्यूयार्क, 17 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के शीर्ष फर्राटा धावक जस्टिन गाटलिन ने दुनिया के तीव्रतम धावक जमैका के उसैन बोल्ट को इसी वर्ष रियो डी जनेरियो में होने वाले ओलम्पिक खेलों में हराने की शपथ ली।
समाचार एजेंसी सीएमसी के अनुसार, गाटलिन ने बीते वर्ष बीजिंग में हुई विश्व चैम्पियनशिप में बोल्ट ने खराब शुरुआत के बावजूद गाटलिन को हराकर 100 मीटर स्पर्धा में अपनी बादशाहत कायम रखी थी।
ब्राजीलियाई शहर में पांच से 21 अगस्त के बीच होने वाले ओलम्पिक खेलों के दौरान दोनों दिग्गजों के बीच फिर से ऐतिहासिक मुकाबला देखने को मिलेगा।
गाटलिन ने मंगलवार को कहा, “इसे मैं जीतने जा रहा हूं। हम इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक फिर से अमेरिका वापस लाएंगे। हम निश्चित तौर पर इसे वापस हासिल करके रहेंगे।”
उन्होंने कहा, “मैं इसे किसी सोने की चेन की तरह अपनी गर्दन में डालकर पूरे अमेरिका का चक्कर लगाने वाला हूं।”
गाटलिन ने बीते वर्ष लगातार 28 रेस जीतते हुए बीजिंग विश्व चैम्पियनशिप में प्रवेश किया, लेकिन बोल्ट ने फिनिश लाइन के बिल्कुल करीब उन्हें सेकेंड के सौवें हिस्से के अंतर से हरा दिया था।
गाटलिन ने कहा कि वह खुद को बोल्ट के लिए सबसे प्रबल खतरा मानते हैं और वह बोल्ट से बेहतर बनने के लिए कठिन मेहनत कर रहे हैं।
गाटलिन ने कहा, “अपने सबसे प्रबल प्रतिद्वंद्वी को हराकर ओलम्पिक के इतिहास में सबसे रोचक और ऐतिहासिक रेस बनाना मेरा कर्तव्य है। और में अपना कर्तव्य निभाने के लिए कमर कस चुका हूं। मैं चौबीसों घंटे कठिन मेहनत कर रहा हूं।”
dharmpath.com dharmpath