नई दिल्ली, 17 फरवरी (आईएएनएस)। सर्वोच्च न्यायालय ने बुधवार को छह वरिष्ठ वकीलों का एक दल गठित कर उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट जाने और वहां के हालात के बारे में रपट देने का निर्देश दिया।
न्यायमूर्ति जे.चेलमेश्वर और न्यायमूर्ति अभय मनोहर सप्रे की पीठ को वरिष्ठ वकील इंदिरा जयसिंह ने बुधवार को बताया कि महानगर दंडाधिकारी के अदालत कक्ष को अंदर से बंद कर लिया गया है। अंदर बंद लोग खतरे में हैं। बाहर नारेबाजी जारी है। इस पर शीर्ष अदालत ने छह वरिष्ठ वकीलों की एक टीम गठित कर उसे पटिलाया हाउस कोर्ट जाने और वहां के बारे में रपट देने का निर्देश दिया।
एक न्यूज चैनल की रपट के हवाले से प्रशांत भूषण ने अदालत को बताया कि पटियाला हाउस कोर्ट परिसर में टी.अनवर नामक संवाददाता को पीटा गया है।
हालाता का जायजा लेने के लिए पटियाला हाउस कोर्ट जाने वाली वकीलों की टीम में कपिल सिब्बल, राजीव धवन, दुष्यंत दवे, अजित सिन्हा, ए.जी.एन. राव और हरिन रावल शामिल हैं।
कपिल सिब्बल ने अदालत को बताया कि पटियाला हाउस कोर्ट परिसर में पत्थरबाजी जारी है। दिल्ली पुलिस के वकील अजित सिन्हा ने अदालत कक्ष से ही दिल्ली पुलिस आयुक्त बी.एस.बस्सी से इस बारे में पूछा। बस्सी ने इससे इनकार किया।
शीर्ष अदालत ने संकेत दिया कि अगर स्थिति नियंत्रण से बाहर चली गई तो मुकदमे की जगह बदली जा सकती है।
dharmpath.com dharmpath