नई दिल्ली, 17 फरवरी (आईएएनएस)। पटियाला हाउस कोर्ट में सोमवार को पत्रकारों पर हुए हमले को नजरअंदाज करने की कोशिश के बाद आलोचनाओं का सामना कर रहे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरन रिजिजू ने बुधवार को माना कि यह एक गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि पुलिस हमले में शामिल लोगों पर कार्रवाई करेगी।
एक ऐसे दिन (बुधवार को) जब पत्रकारों पर फिर उसी जगह हमला किया गया, रिजिजू ने कहा कि मामले में उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया गया था। उन्होंने कहा कि उनका ‘आशय पत्रकारों पर हमले के मामले की गंभीरता को कम नहीं करना था।’
एक टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में रिजिजू ने दिल्ली पुलिस आयुक्त बी.एस.बस्सी के इस बयान का बचाव किया था, जिसमें उन्होंने पत्रकारों पर हमले के मामले को मामूली झड़प बताया था। उन्होंने पूछा था, “लेकिन, क्या वहां हत्या हुई थी? मैं नहीं जानता।”
दिल्ली पुलिस स्थापना दिवस पर बस्सी की तरफ से आयोजित समारोह से इतर रिजिजू ने आईएएनएस से कहा, “मेरे बयान को गलत तरीके से पेश किया गया..चाहे हत्या हो या झड़प, इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए।”
रिजिजू ने कहा, “कौन कह सकता है कि पत्रकारों पर हमला गंभीर मामला नहीं है?” उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमें रपट का इंतजार करना चाहिए।
यह पूछने पर कि अदालत में देशद्रोह के आरोप टिकते नहीं हैं, तो फिर पुलिस ने जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार पर देशद्रोह का आरोप क्यों लगाया, रिजिजू ने कहा, “यह पुलिस पर है कि वह क्या मामला बनाती है और यह अदालतों पर है कि वह इन मामलों को सही मानती हैं या नहीं।”
dharmpath.com dharmpath