नई दिल्ली, 18 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पीएमओ, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह शुक्रवार को यहां ‘अनुभव’ और ‘संकल्प’ पर कार्यशाला का उद्घाटन करेंगे।
इस कार्यशाला का उद्देश्य बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों से संवाद स्थापित करना और ‘अनुभव’ एवं ‘संकल्प’ में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना है। इस दौरान डॉ. जितेन्द्र सिंह ‘अनुभव’ के तहत प्राप्त सर्वोत्तम आलेखों (राइट-अप) के लिए पुरस्कार भी प्रदान करेंगे।
पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग ने एक ऑनलाइन सॉफ्टवेयर ‘अनुभव’ लॉन्च किया है। सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के उल्लेखनीय कार्यो को दर्शाने और सरकार के साथ उनके अनुभवों को साझा करने के लिए इस सॉफ्टवेयर को लॉन्च किया गया है। इस विभाग ने समाज में सार्थक योगदान के लिए सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों के अनुभवों और कौशल का उपयोग करने हेतु एक और पहल ‘संकल्प’ का शुभारंभ किया है।
विभाग ने केंद्र सरकार के सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के लिए एक प्लेटफॉर्म ‘अनुभव’ उपलब्ध कराया है, ताकि सेवा अवधि के दौरान उनके द्वारा किए गए प्रशंसनीय कार्यो को दर्शाया जा सके। यह परिकल्पना की गई है कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को इस प्लेटफॉर्म से काफी संतुष्टि मिलेगी और इसके साथ ही यह प्लेटफॉर्म सेवारत कर्मचारियों के लिए भी एक प्रेरक की भूमिका निभाएगा।
यह प्लेटफॉर्म सेवानिवृत्ति के बाद राष्ट्र निर्माण में अवकाशप्राप्त सरकारी कर्मचारियों के संसाधनों के स्वैच्छिक योगदान का भी अनुपम अवसर प्रदान करेगा।
dharmpath.com dharmpath