रांची, 20 फरवरी (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) में शनिवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल मैच में जेपी पंजाब वॉरियर्स ने दिल्ली वेबराइडर्स को 3-1 से हराकर लगातार तीसरी बार फाइनल में जगह बना ली है।
फाइनल में उसका सामना कलिंगा लांसर्स से होगा, जिसने शनिवार को ही दूसरे सेमीफाइनल में रांची रेज को 4-2 से हराया। मैच का फैसला शूटआउट से हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर थीं। रांची एचआईएल का बीते संस्करण का खिताब जीता था।
फाइनल में जगह बनाने के मकसद से मैदान में उतरीं दोनों टीमों ने सावधानी से खेलते हुए मैच की शुरुआत की। मैच का पहला गोल दिल्ली ने किया। दिल्ली को मैच के छठवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे टीम के पेनल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ रुपेंदर पाल सिंह ने गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की और टीम को 1-0 से आगे कर दिया।
बराबरी की कोशिश कर रही पंचाब को 19वें मिनट में अरमान कुरैशी ने फील्ड गोल कर बढ़त दिला दी। उनके रिवर्स शॉट का दिल्ली के शानदार गोलकीपर डेवोन मैनचेस्टर के पास कोई जवाब नहीं था। इस गोल के साथ ही स्कोर 2-1 हो गया था।
गौरतलब है कि एचआईएल के इस संस्करण में एक फील्ड गोल को दो गोल माना जाता है।
पंजाब को 27वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर का मौका मिला जिसे वह गोल में नहीं बदल पाए। तीसरे क्वार्टर के अंत तक पंचाब 2-1 से आगे थी।
चौथे क्वार्टर में पंजाब दिल्ली पर हावी रही। 51वें मिनट में पंचाब को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे सिमोन ओचार्ड ने गोल में तब्दील कर स्कोर 3-1 कर दिया।
इसके बाद दिल्ली ने गोल करने की काफी कोशिश की लेकिन पंजाब की रक्षापंक्ति के शानदार खेल के आगे वह गोल नहीं कर पाए और फाइनल की दौड़ से बाहर हो गए।
dharmpath.com dharmpath