अंबिकापुर, 24 फरवरी (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिला अस्पताल की महिला चिकित्सकों की सजगता से एक गर्भवती युवती की जान बच सकी। महज तीन फुट की होने के कारण गर्भवती युवती का ऑपरेशन कर सुरक्षित प्रसव कराना किसी चुनौती से कम नहीं था।
गरीब और अभावग्रस्त परिवार की गर्भवती की प्राणरक्षा के लिए महिला चिकित्सकों ने तत्परता दिखाई। महिला ने स्वस्थ्य शिशु को जन्म दिया और दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शिप्रा श्रीवास्तव ने कहा कि गर्भवती लगभग तीन फुट की है, ऐसे में सुरक्षित तरीके से प्रसव कराना चुनौतीपूर्ण था। सफल ऑपरेशन से स्वस्थ शिशु ने जन्म लिया है। जच्चा-बच्चा को निगरानी में रखा गया है।
बताया जा रहा है कि रामानुजगंज क्षेत्र के एक गांव की कॉलेज छात्रा सामान्य कदकाठी से बेहद कम है। बीस वर्ष की आयु होने के बावजूद उसकी लंबाई लगभग तीन फुट है। परिवार में तीन अन्य बहनें और दो भाई शारीरिक रूप से स्वस्थ हैं और उनकी कदकाठी भी सामान्य हैं।
प्रसव पीड़ा शुरू होने पर 102 नंबर डॉयल कर महतारी एक्सप्रेस को बुलाया गया, लेकिन गर्भवती युवती की कदकाठी देखकर किसी बड़े अस्पताल में ले जाने की सलाह दे दी गई।
बताया गया है कि परिजन उसे लेकर अंबिकापुर के ही एक निजी अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन वहां उन्हें सुविधा मुहैया नहीं कराई जा सकी। ऐसे में परिजन गर्भवती युवती को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शिप्रा श्रीवास्तव ने उसकी मेडिकल जांच की।
dharmpath.com dharmpath