सोनी सोरी का सुरक्षा लेने से इंकार

रायपुर/नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। बस्तर में केमिकल हमले में झुलसकर नई दिल्ली में इलाज करा रहीं आप नेता सोनी सोरी को छत्तीसगढ़ पुलिस ने वाय श्रेणी की सुरक्षा देने का फैसला किया है। लेकिन सोरी ने दिल्ली से एक विज्ञप्ति जारी कर सुरक्षा लेने से इनकार कर दिया है।

राज्य सरकार ने मंगलवार को इस संबंध में दंतेवाड़ा के एसपी को आदेश जारी किया। इसके तुरंत बाद दंतेवाड़ा जिले के गीदम में स्थित सोनी के घर जवानों की एक टुकड़ी तैनात कर दी गई।

सूबे के बस्तर आईजी एसआरपी कल्लूरी के मुताबिक, सोनी पर हमले के बाद बस्तर पुलिस ने राज्य सरकार को प्रतिवेदन भेजकर सोनी को सुरक्षा दिए जाने की सिफारिश की थी, जिसे सरकार ने मान लिया।

गौरतलब है कि बीते शनिवार को गीदम के निकट बास्तानार घाट में अज्ञात लोगों ने सोनी के चेहरे पर रसायन मल दिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई है। फिलहाल उनका इलाज दिल्ली के अपोलो अस्पताल में चल रहा है। उनके चेहरे की सूजन कम हो रही है और आंखें भी अब खुलने लगी हैं।

राज्य के प्रमुख गृह सचिव बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने गीदम जाकर सोरी की बेटियों और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों के हवाले से स्वास्थ्य की जानकारी दी। सुब्रह्मण्यम ने सोनी के अगले सप्ताह घर लौटने की भी उम्मीद जताई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493