मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने हैदराबाद में कराई आंखों की सर्जरी

हैदराबाद, 25 फरवरी (आईएएनएस)। मॉरीशस के प्रधानमंत्री अनिरुद्ध जगन्नाथ का हैदाराबाद के एक निजी अस्पताल में ग्लूकोमा और मोतियाबिंद का ऑपरेशन हुआ।

मैक्सीविजन सुपर स्पेशियलिटी आई हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने बताया कि जगन्नाथ आंखों की सर्जरी के बाद पूरी तरह स्वस्थ हैं और वह अगले सप्ताह की शुरुआत में मॉरिशस वापस लौट जाएंगे।

मैक्सीविजन के प्रमुख सर्जन और सह-अध्यक्ष कसु प्रसाद रेड्डी ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि यह एक जटिल सर्जरी थी, क्योंकि जगन्नाथ मोतियाबिंद के साथ ग्लूकोमा से भी पीड़ित थे।

उन्होंने बताया, “ग्लूकोमा के साथ मोतियाबिंद की सर्जरी कठिन होती है और इसमें जटिलताओं की संभावना भी ज्यादा है, लेकिन ऑपरेशन अच्छी तरह हो गया।”

प्रधानमंत्री की दाहिनी आंख की सर्जरी रविवार को और बाईं आंख की गुरुवार को हुई। प्रत्येक सर्जरी में आधे घंटे का समय लगा और इसके लिए उन्हें अस्पताल में दाखिल नहीं होना पड़ा।

प्रधानमंत्री एक होटल में ठहरे हुए हैं और लौटने से पहले वह रविवार को अपनी आंखों की जांच कराएंगे।

अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, उन्होंने कहा, “मैंने अपनी इस समस्या के उपचार के लिए भारत को इसलिए चुना, क्योंकि यहां के विशेषज्ञों, चिकित्सकीय उपकरणों और उपचार के तरीकों की अच्छी प्रतिष्ठा है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493