नई दिल्ली, 25 फरवरी (आईएएनएस)। रेल मंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु ने गुरुवार को मुंबई में उपनगरीय रेल प्रणाली के लिए चर्चगेट-विरार और सीएसटीएम-पनवेल खंडों के बीच दो नये गलियारों की योजना की जानकारी दी। संसद में वर्ष 2016-17 का रेल बजट प्रस्तुत करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में राज्य सरकार की भागीदारी में 21 स्टेशनों वाली रिंग रेलवे प्रणाली को शुरू करने का प्रस्ताव पेश किया।
रेल मंत्री ने कहा कि मुंबई लोकल के ये दोनों गलियारे उपरिगामी (एलीवेटेड) होंगे और इनसे उपनगरीय गाड़ियों में भीड़भाड़ को कम करने में मदद मिलेगी। सीएसटीएम-पनवेल गलियारे को मेट्रो लाइनों के साथ जोड़ा जाएगा, ताकि उसे छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट और प्रस्तावित नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ा जा सके।
उन्होंने दिल्ली रिंग रेलवे के लिए निवेश का नया ढांचा तैयार करने का सुझाव दिया जिसमें भारतीय रेल परिचालन पर लागत की तटस्थता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार के साथ इक्विटी अंशदान करेगी।
प्रभु ने नया निवेश ढांचा लागू करते हुए अहमदाबाद, हैदराबाद और चेन्नई उपनगरीय रेल प्रणालियों के विकास का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि बेंगलुरुऔर तिरुवंनतपुरम के लिए एक व्यापक उपनगरीय रेल प्रणाली की आवश्यकता है।
प्रभु ने कहा कि कोलकाता में जारी लगभग 100 किलोमीटर मेट्रो का निर्माण कार्य जून 2018 में पूर्ण हो जाने पर वहां मेट्रो की मौजूदा क्षमता चार गुनी हो जाएगी।
उन्होंने उपनगरीय गाड़ियों में व्यस्त समय के दौरान भीड़भाड़ को कम करने के लिए राज्य सरकारों से कार्यालय के काम के घंटों के लिए अलग-अलग समय रखने की अपील की।
dharmpath.com dharmpath