काठमांडू, 26 फरवरी (आईएएनएस)। नेपाल के कालीकोट जिले में शुक्रवार को एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कई यात्री घायल हो गए।
फिलहाल घायल यात्रियों की संख्या का पता नहीं चल पाया है। विमान और नौ यात्री तथा चालक दल के दो सदस्य सवार थे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, एयर काष्ठमंडप का विमान नेपालगंज से जुमला जाते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
‘द हिमालयन टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दुर्घटना में कई यात्री घायल हुए हैं, जिनकी संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है।
यह दुर्घटना नेपाल में तारा एयर विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के दो दिन बाद हुई है, जिसमें विमान में सवार सभी 23 लोगों की मौत हो गई।
‘काठमांडू पोस्ट’ की रिपोर्ट में भी कहा गया है कि विमान चिल्खाया में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। इस सिंगल इंजन विमान 9एन-एजेबी में चालक दल के दो सदस्यों सहित 11 लोग सवार थे।
नेपाल पुलिस के प्रवक्ता माधव राज जोशी ने कहा कि विमान के जुमला में उतरने में असफल रहने पर इसकी दिशा परिवर्तित की गई।
नेपाल सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल तारा बहादुर कर्की ने कहा कि पुलिस-सेना का एक संयुक्त दल घटनास्थल के लिए रवाना हो गया है।
नेपालगंज एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने दुर्घटना में कुछ यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की आशंका जताई है। पोखरा और नेपालगंज से हेलीकॉप्टर बचाव कार्यो के लिए तैयार हैं।
dharmpath.com dharmpath