लखनऊ में मात्र 40 फीसदी खाद्य कारोबारियों ने कराया पंजीकरण

पंजीकरण नहीं करवाने वाले दुकानदारों के खिलाफ अभियान चलाकर अवैध रूप से खाद्य कारोबार करने वालों का चालान काटने की कार्रवाई भी हो रही है, लेकिन दुकानदारों पर उनका कोई असर नहीं हो रहा है। ऐसे में शत-प्रतिशत दुकानों का पंजीकरण करवाना और लाइसेंस बनवाने की योजना दिवास्वप्न साबित हो रही है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) ने खाद्य कारोबार करने वाले सभी दुकानदारों को अपनी दुकान का पंजीकरण और नियमानुसार लाइसेंस बनवाने की अनिवार्यता का नियम लागू किया है। इस नियम को करीब दो साल से प्रचारित करने का काम भी किया जा रहा है।

प्रचार में लाखों रुपये खर्च किए जा चुके हैं। खाद्य कारोबारियों की सुविधा को ध्यान में रखकर एफएसडीए के अधिकारियों ने वार्ड वार पंजीकरण और लाइसेंस बनवाने के लिए कैम्प भी लगवाए, लेकिन खाद्य कारोबार से जुड़े मात्र 40 फीसदी लोगों ने अपनी दुकान का पंजीकरण करवाया।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं कार्यकारी अधिकारी एसपी सिंह के मुताबिक, जिले में खाद्य कारोबार से जुड़े शत प्रतिशत दुकानदारों को पंजीकरण करवाना और नियमानुसार लाइसेंस बनवाना अनिवार्य है। इसमें प्रत्येक कार्य दिवस में कलेक्ट्रेट स्थित एफएसडीए कार्यालय में दुकान का पंजीकरण और लाइसेंस बनवाने का काम आसानी से हो जाता है।

इसके अलावा खाद्य कारोबारियों को एफएसडीए की वेवसाइट पर अपनी दुकान या प्रतिष्ठान का ऑनलाइन पंजीकरण और लाइसेंस बनवाने की सुविधा भी दी गई है। इसमें खाद्य कारोबारी आनलाइन फार्म भर सकता है। साथ ही पंजीकरण और लाइसेंस के लिए निर्धारित राशि भी चालान के माध्यम से जमा कर सकता है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की तरफ से वार्डो में कैम्प लगाकर भी खाद्य कारोबार करने वाली दुकानों और प्रतिष्ठानों का पंजीकरण किया जा रहा है। जिले में अब तक कुल 12085 खाद्य कारोबारियों ने अपनी दुकान का पंजीकरण करवाया है, जबकि 2808 खाद्य कारोबारियों ने दुकान या प्रतिष्ठान का लाइसेंस बनवाया है। यदि आंकड़ों पर गौर करें तो वर्ष 2014-15 में जिले में खाद्य कारोबार से जुड़े 8187 कारोबारियों ने दुकान का पंजीकरण और 1702 कारोबारियों ने लाइसेंस बनवाया था।

इस साल पंजीकरण करवाने वाले कारोबारियों की संख्या बढ़ी है, लेकिन यह आंकड़ा उम्मीद से काफी कम है। इसलिए विभाग की तरफ से शत प्रतिशत दुकानों का पंजीकरण करवाने की योजना की सफलता पर भी लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493