ठाणे में परिवार के 14 सदस्यों की हत्या के बाद खुद को फांसी लगाई (लीड-1)

ठाणे, 28 फरवरी (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के ठाणे में एक शख्स ने अपने ही परिवार के 14 सदस्यों की हत्या करने के बाद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मरने वालों में सात बच्चे भी हैं।

घटना ठाणे के कासरवडवली इलाके की है, जहां हमलावर असनेन अनवर वारेकर (32) ने शनिवार रात करीब एक बजे धारदार चाकू से एक के बाद एक अपने ही परिवार के सदस्यों की गला काट कर हत्या कर दी। इससे पहले उसने उनके भोजन में मादक पदार्थ मिला दिया था।

एक पुलिस अधिकारी ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि हालांकि अभी इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है, पर शुरुआती जांच से लगता है कि यह संपत्ति विवाद का नतीजा हो सकता है। पीड़ितों में वारेकर के माता-पिता, उसकी बहनें, भतीजे-भांजी शामिल हैं।

इस घटना में जीवित बची परिवार की एकमात्र सदस्य हमलावर की बहन साबिया भारमल (22) बताई जा रही है, जो गंभीर रूप से घायल है। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ठाणे के संयुक्त पुलिस आयुक्त आशुतोष डंबारे ने कहा, “प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि हमलावर ने घर के सभी दरवाजे और खिड़कियों को बंद कर दिया और अपने ही परिवार के सो रहे सदस्यों की हत्या कर दी। उसके बाद उसने अपने बंगले में सीढ़ियों के पास फांसी लगा ली। हत्या में इस्तेमाल चाकू को उसके शव के पास से बरामद किया गया है।”

उन्होंने बताया कि आसपास के कुछ युवाओं ने साबिया के चिल्लाने की आवाज सुनी और घर के दरवाजे और खिड़कियां तोड़कर अंदर घुस गए।

डंबारे ने कहा कि फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया है और शवों को परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493