नवीन पटनायक सातवीं बार बीजेडी के अध्यक्ष चुने गए

भुवनेश्वर, 28 फरवरी (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक रविवार को सर्वसम्मति से सत्ताधरी बीजू जनता दल (बीजेडी) के अध्यक्ष चुने गए।

बीजेडी के निर्वाचन अधिकारी प्रताप केसरी देब ने पार्टी मुख्यालय में औपचारिक रूप से बताया कि नवीन पटनायक निर्विरोध सातवीं बार बीजेडी अध्यक्ष चुने गए हैं।

पटनायक मार्च 2000 से प्रदेश के मुख्यमंत्री का पदभार संभाल रहे हैं। अध्यक्ष पद के लिए उनके अलावा किसी और ने नामजदगी का पर्चा तक नहीं भरा था। वह बीजेडी के संस्थापक अध्यक्ष भी हैं।

इस पार्टी का गठन तब हुआ था जब नवीन के पिता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक का 1997 में निधन हो गया।

पार्टी की राज्य कार्यकारिणी के 81 सदस्यों के नामों की घोषणा शुक्रवार को ही हो गई थी। इनमें 33 नए चेहरे शामिल हैं। बीजेडी का संगठनात्मक चुनाव पांच चरणों में हुआ है।

अध्यक्ष चुने जाने के बाद पटनायक ने कहा, “मैं पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को पुन: अध्यक्ष चुनने के लिए धन्यवाद देता हूं।”

उन्होंने कहा कि बीजेडी राज्य में सबसे मजबूत पार्टी बन कर उभरी है। इसलिए राष्ट्रीय राजनीति में भी इसका महत्व बढ़ गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493