परीक्षा के दौरान सकारात्मक रहें : मोदी (लीड-1)

नई दिल्ली, 28 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को परीक्षा के दौरान सकारात्मक बने रहने का सुझाव दिया।

उन्होंने छात्रों से तनाव एवं दबाव से दूर रहने को कहा है।

मोदी ने मन की बात के 13वें संस्करण में आगामी बोर्ड परीक्षाओं पर ध्यान केंद्रित किया। इस बार कार्यक्रम में क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, शतंरज चैम्पियन विश्वनाथन आनंद, धार्मिक गुरु मोरारी बापू और वैज्ञानिक सी.एन.आर राव अतिथि वक्ता थे।

मोदी ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) विवाद, हैदराबाद विश्वविद्यालय के छात्र रोहित वेमुला और छात्रों एवं शिक्षा से संबद्ध अन्य मुद्दों पर कुछ भी नहीं बोला।

मोदी ने कहा, “दूसरों की उम्मीदों के बोझ तले मत दबना। अपने स्वयं के लक्ष्य निर्धारित करें। हम दूसरों से प्रतिस्पर्धा क्यों करें? खुद से ही स्पर्धा क्यों न करें? हमेशा अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ने की कोशिश करें, इससे आपको भीतर से संतोष होगा।”

तेंदुलकर ने अपने संदेश में छात्रों से सकारात्मक बने रहने की अपील की।

तेंदुलकर ने कहा, “सकारात्मक सोच से ही सकारात्मक नतीजे प्राप्त होते हैं।”

तेंदुलकर ने कहा, “मैं कहना चाहूंगा कि आपको स्वयं के लिए लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और किसी की उम्मीदों के दबाव में नहीं आना चाहिए। मेहनत करें, लेकिन अपने लिए वास्तविक लक्ष्य बनाएं।”

आनंद ने कहा कि बोर्ड परीक्षा की समस्याएं जीवन में आगे चल कर आने वाली चुनौतियों के समान ही होती हैं।

उन्होंने कहा, “परीक्षा जीवन में आगे चलकर आने वाली समस्याओं के ही समान हैं। सबसे जरूरी है कि हम शांत रहें। यह शतरंज के खेल की तरह ही है।”

आनंद ने कहा, “यदि आप शांत रहते हैं और अच्छी नींद लेते हैं तो आपका मस्तिष्क पुरानी चीजों को ठीक से दोहरा पाएगा और सही समय पर सही जवाब दे पाएगा। इसलिए शांत रहें। यह बहुत महत्वपूर्ण है कि खुद पर बहुत अधिक दबाव न लें।”

वैज्ञानिक सी.एन.आर. राव ने छात्रों को याद दिलाया कि देश में कई अवसर हैं।

उन्होंने कहा, “सोचें कि आपको जीवन में क्या चाहिए, उसकी उम्मीद कभी न छोडें।”

धार्मिक गुरू मोरारी बापू ने अपने संदेश में छात्रों से परीक्षा पर ध्यान केंद्रित करने और परीक्षा परिणाम के नतीजों को स्वीकार करने को कहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों से कहा कि वे समय का ध्यान रखें, ताकि परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में उन्हें किसी तरह की हड़बड़ी न हो।

उन्होंने छात्रों को बेहतर नींद लेने की जरूरत पर भी जोर दिया।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं की परीक्षा पहली मार्च से शुरू होने वाली है, जबकि 10वीं की परीक्षा दो मार्च से शुरू होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493