पटना, 1 मार्च (आईएएनएस)। मुजफ्फरपुर जिले में सेना भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले युवकों को कपड़े उतारने के लिए मजबूर करने पर पटना उच्च न्यायालय ने रक्षा मंत्रालय से जवाब मांगा है।
न्यायालय ने मंगलवार को पूछा कि कैसे सैकड़ों युवकों को कपड़े उतारने के लिए कहा गया। यह बात एक अधिवक्ता ने कही।
उल्लेखनीय है कि रविवार करीब एक हजार उम्मीदवार सेना में क्लर्क की भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा में शामिल हो रहे थे, जिन्हें कदाचार रोकने के लिए सिर्फ अंडरवियर पहन कर ही परीक्षा में बैठने की इजाजत दी गई।
वकील ने कहा कि स्थानीय हिन्दी दैनिक में इस आशय छपी खबर का संज्ञान लेते हुए अदालत ने इस मुद्दे पर चिंता जाहिर करते हुए रक्षा मंत्रालय से जवाब मांगा है। अदालत इस मामले की सुनवाई 3 अप्रैल को करेगी।
सैन्य प्रशासन ने इस पर कहा कि उम्मीदवार पहले अपने कपड़ों के अंदर छिपा कर हाई टेक उपकरण और जवाब लिखे स्लिप लाते थे और नकल करते थे।
ध्यान देने योग्य है कि करीब एक घंटे तक जमीन पर पैर मोड़कर छात्रों ने परीक्षा दी और उनकी जांघें ही टेबल बनी हुई थी। हालांकि कुछ उम्मीदवरों ने ठंड और तकलीफ की शिकायतें कीं, लेकिन उनके पास कोई विकल्प नहीं था।
dharmpath.com dharmpath