वाममोर्चा-कांग्रेस गठबंधन का आरएसपी ने किया विरोध

कोलकाता, 1 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) ने मंगलवार को धमकी देते हुए कहा कि अगर वाम मोर्चा कांग्रेस के साथ गठबंधन करता है, तो वह उससे अलग हो जाएगी।

आरएसपी के प्रदेश सचिव क्षिति गोस्वामी ने एक टेलीविजन चैनल से कहा, “अचानक यह गठबंधन हमपर थोपा जा रहा है। केवल अनुशासन को ध्यान में रखते हुए हम अभी तक चुप थे, लेकिन यह हमारी पार्टी में जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं के बीच मतभेद पैदा कर रहा है। इस गठबंधन का औचित्य उन्हें समझाने में हम अक्षम हैं।”

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर आरएसपी से न केवल परामर्श नहीं लिया गया, बल्कि उसकी राय के लिए भी उसे हतोत्साहित किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “हमसे इस मुद्दे पर कभी भी परामर्श नहीं लिया गया। वस्तुत: अपनी आवाज उठाने पर हमें डांट सुनने की भी नौबत आ गई।”

पश्चिम बंगाल में पूर्व मंत्री रह चुके गोस्वामी ने कहा कि आरएसपी वाम मोर्चा से अलग भी हो सकती है।

उन्होंने कहा, “इस तरह से उनके साथ रहने की हमारे पास कोई विवशता नहीं है। हम उनसे अलग होकर जनता के लिए संघर्ष जारी रख सकते हैं।”

उल्लेखनीय है कि 11 फरवरी को वाम मोर्चा व कांग्रेस के बीच गठबंधन के लिए वार्ता को लेकर बैठक हुई थी।

प्रस्तावित गठबंधन पर बातचीत के लिए बुधवार को एक बार फिर बैठक होनेवाली है।

इससे पहले, पिछले महीने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के दिग्गज नेता गुरुदास दास गुप्ता ने भी जोर देते हुए कहा था कि इस मुद्दे पर उनकी पार्टी के साथ चर्चा नहीं की गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493