मध्य प्रदेश को मोदी से परहेज! (फोटो सहित)

भोपाल, 2 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुणगान करते न थकते हों, मगर राज्य का सरकारी महकमा इससे इत्तेफाक नहीं रखता। यही कारण है कि सरकारी वेबसाइट पर तस्वीर में मुख्यमंत्री अब भी पूर्व कृषि मंत्री शरद पवार के हाथों कृषि कर्मण पुरस्कार लेते दिखाई दे रहे हैं।

राज्य को लगातार चार वर्षो से कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यो के लिए कृषि कर्मण पुरस्कार मिल रहा है। 18 फरवरी को सीहोर के शेरपुर में आयोजित किसान महासम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा राज्य के मुख्यमंत्री चौहान को कृषि कर्मण पुरस्कार दिया गया था, इसके बाद भी सरकार की वेबसाइट पर अब भी पिछली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के समय की वह तस्वीर नजर आती है, जिसमें राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी तत्कालीन कृषि मंत्री शरद पवार की मौजूदगी में मुख्यमंत्री चौहान को कृषि कर्मण सम्मान दे रहे हैं।

सरकार की वेबसाइट पर तस्वीर तो अब भी पुरानी नजर आती है, मगर संदेश नया है। इसमें मुख्यमंत्री चौहान कह रहे हैं कि ‘यह सम्मान मैं प्रदेश के अन्नदाता किसानों को समर्पित करता हूं।’ इस तस्वीर में कृषि कर्मण पुरस्कार की ट्रॉफी को भी स्थान दिया गया है, वहीं इसमें यह भी उल्लेख है, ‘अन्नदाता ने प्रदेश का मान बढ़ाया, लगातार चौथे वर्ष कृषि कर्मण अवॉर्ड।’

यहां महत्वपूर्ण बात यह है कि वर्ष 2013-14 का कृषि कर्मण पुरस्कार राज्य को मिलने का ऐलान होते ही सरकार के जनसंपर्क विभाग की वेबसाइट पर यह तस्वीर डाली गई थी। इस साल 18 फरवरी को राज्य में एक समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री को पुरस्कार प्रदान किया। इस समारोह को हुए एक पखवाड़े का वक्त बीत चुका है, मगर वेबसाइट पर तस्वीर पुरानी ही नजर आ रही है।

शेरपुर के समारोह में प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री को वर्ष 2013-14 के लिए कृषि कर्मण अवॉर्ड की ट्रॉफी प्रदान की थी, तो वहीं मुख्यमंत्री ने मोदी को खेती की समृद्घि का प्रतीक हल भेंट किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493