राहुल गांधी ने संसद को गुमराह किया : राजनाथ

नई दिल्ली , 2 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने नागा समझौते पर गलत और आधारहीन जानकारी देकर संसद को गुमराह किया है।

राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर नागा समझौता मामले में गृहमंत्री से सलाह नहीं लेने का आरोप लगाया था। आरोप लगने के कुछ ही मिनट बाद राजनाथ सिंह ने यह प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा, “मेरी प्रधानमंत्री की नागा शांति प्रक्रिया पर कई दौर की वार्ता हुई है। मैं सदन को गुमराह करने के राहुल गांधी के इस प्रयास की कड़ी भर्त्सना करता हूं।”

उन्होंने कहा, “लोकसभा में नागा शांति वार्ता पर उनका (राहुल का) बयान पूरी तरह गलत और बेबुनियाद है।”

इससे पहले राहुल गांधी ने कहा था, “प्रधानमंत्री ने जिस नागा समझौते पर हस्ताक्षर किए, उसके बारे में गृह मंत्री तक को जानकारी नहीं थी। ”

उन्होंने कहा था, “सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि नागा समझौता कहां है? वह हवा के साथ बह गया।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493