भोजपुर, 3 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र से पुलिस ने यात्री बस से एक नक्सली को दो हथगोलों के साथ गिरफ्तार किया है।
उदवंतनगर थाना प्रभारी राजीव कुमार ने गुरुवार को बताया कि पुलिस कप्तान नवीन चंद्र झा को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सली जयराम कहार हथियार और हथगोले लेकर यात्री बस से कहीं जा रहा है।
इसके बाद बुधवार देर शाम आने-जाने वाले यात्री बसों की जांच की गई। जांच अभियान क्रम में एक बस से जयराम को गिरफ्तार किया गया, उसके पास से दो हथगोले और ए.के. 47 की सात गोलियां बरामद हुईं।
वहीं गिरफ्तार हुए नक्सली से पूछताछ के आधार पर कई जगह छापेमारी की जा रही है।
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि जयराम पर जिले के सहार थाना में तीन हत्या समेत कई नक्सली कांडों में शामिल होने का आरोप है। गिरफ्तार नक्सली रोहतास जिले के कछवा गांव का रहने वाला है।
dharmpath.com dharmpath