नई दिल्ली, 3 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि अपनी तमाम विविधताओं और इस तथ्य के बावजूद कि सभी धर्मों के लोग यहां रहते हैं, भारत दुनिया का सबसे धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है।
केंद्रीय मंत्रियों व निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा कथित भड़काऊ भाषण के मामले में संविधान व शपथ के उल्लंघन को लेकर राज्यसभा में लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए गृह मंत्री ने कहा, “अगर दुनिया में कोई धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है, तो वह भारत है।”
उन्होंने कहा, “दुनिया में भारत ही एक ऐसा देश है, जहां हर धर्म के लोग रहते हैं। केवल यही नहीं, इस्लाम व ईसाइयत सहित सभी धर्मो के महत्वपूर्ण संप्रदाय यहां रहते हैं। ऐसा किसी अन्य देश में नहीं है।”
गृहमंत्री ने सभी राजनैतिक दलों का आह्वान किया कि वे भारत की एकता व अखंडता के संरक्षण के लिए आपस में हाथ मिलाएं।
उन्होंने कहा, “अकेली राजनैतिक पार्टी देश की एकता व अखंडता को नहीं बचा सकती। इसके लिए हमें साथ मिलकर प्रयास करना होगा।”
राजनाथ सिंह ने केंद्रीय मंत्री राम शंकर कठेरिया के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई से इंकार कर दिया, जिन्होंने आगरा में एक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर भड़काऊ भाषण दिया था।
उन्होंने कहा, “मैंने कठेरिया का भाषण सुना और दूसरों को भी सुनवाया। हम सब इस बात से सहमत हैं कि भाषण में कोई भड़काऊ बात नहीं है।”
राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द को राजनैतिक नफा या नुकसान के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, “इसे केवल न्याय व मानवता के रूप में देखा जाना चाहिए।”
dharmpath.com dharmpath