नई दिल्ली, 3 मार्च (आईएएनएस)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार गुरुवार शाम तिहाड़ जेल से रिहा हो गए। दिल्ली उच्च न्यायालय ने एक दिन पहले ही कन्हैया को छह माह की अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया था। जेल अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जेएनयू के दो प्रोफेसर और एक वकील कन्हैया की रिहाई के लिए न्यायालय का आदेश लेकर जेल पहुंचे थे।
कारा उप महानिरीक्षक मुकेश प्रसाद ने आईएएनएस को बताया कि कन्हैया को जेल से शाम करीब 6.30 बजे छोड़ा गया। वे प्रोफेसरों और वकील के साथ गए।
देशद्रोह के आरोप में 12 फरवरी को कन्हैया की गिरफ्तारी हुई थी। कन्हैया पर आरोप है कि उन्होंने जेएनयू परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में देश विरोधी नारे लगाए थे। कन्हैया ने इस आरोप से बार-बार इनकार किया है।
dharmpath.com dharmpath