डरबन टी-20 : दक्षिण अफ्रीका ने आस्ट्रेलिया को 3 विकेट से दी मात

डरबन, 5 मार्च (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका ने डेविड मिलर (नाबाद 53) की तूफानी पारी की बदौलत शुक्रवार को तीन टी-20 मैचों की श्रृंखला के पहले मैच में आस्ट्रेलिया को तीन विकेट से हरा दिया।

किंग्समीड मैदान पर खेले गए मैच में आस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 157 रन बनाए थे।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के स्टार बल्लेबाज अब्राहम डिविलियर्स शून्य पर पवेलियन लौट गए थे। क्विंटन डी कॉक (7) भी टीम के लिए कुछ खास नहीं कर पाए।

कप्तान फाफ डू प्लेसिस (40) ने जरूर एक छोर संभाले रखा था लेकिन दूसरे छोर पर उन्हें साथ नहीं मिला। ज्यां पॉल ड्यूमनी भी पांच रन के व्यक्तिगत स्कोर पर पवेलियन लौट गए थे।

प्लेसिस रन आउट होकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 26 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्का लगाया।

उनके जाने के बाद मिलर ने रन गति को बनाए रखा और टीम को जीत दिलाई। मिलर ने तेजी से रन बटोरे। उन्होंने अपनी पारी में महज 35 गेंदों का सामना किया। उनकी पारी में तीन छक्के और इतने ही चौके शामिल थे।

इससे पहले टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आस्ट्रेलिया का पहला विकेट 23 के कुल स्कोर पर गिरा। उस्मान ख्वाजा नौ रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद एरॉन फिंच (40) और डेविड वार्नर (20) ने तेजी से रन बटोरे। दोनों के आउट हो जाने के बाद मिशेल मार्श ने अंतिम ओवरों में टिके रहकर टीम को 157 के स्कोर तक पहुंचाया।

तीन टी-20 मैचों की श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका 1-0 से आगे हो गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493