सोनीपत, 5 मार्च (आईएएनएस)। हरियाणा के सोनीपत स्थित जिंदल ग्लोबल लॉ स्कूल (जेजीएलएस) से स्नातक करने वाले विद्यार्थी अपने सपनों को उड़ान देने के लिए गैर परंपरागत तरीके अपना रहे हैं।
पिछले साल पांच वर्षीय बी.ए., एलएल.बी. (प्रतिष्ठा), त्रिवर्षीय एलएल.बी तथा एक वर्षीय एलएल.एम पाठ्यक्रम पूरा करने वाले विद्यार्थियों ने कानूनी कंपनियों, वकालत व न्यायाधीश बनने के अवसरों को तलाशा, जबकि कुछ विद्यार्थियों ने अपनी कंपनी खोलने का फैसला किया।
कैरियर के विभिन्न आयामों के चयन पर ओ.पी.जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी के कुलपति व डीन प्रोफेसर सी.राजकुमार ने कहा, “जेजीएलएस के विद्यार्थियों द्वारा कैरियर के विभिन्न आयामों के चयन पर हम इस बात से आश्वस्त हैं कि बेहद कम समय में हमारे विद्यार्थी वैचारिक नेता के तौर पर उभरने जा रहे हैं, जो कानून की पढ़ाई के बाद वैकल्पिक कैरियर के क्षेत्र में व्यापक बदलाव लाने जा रहे हैं।”
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, डिग्री ले चुके कुल 137 छात्रों में से बी.ए., एलएल.बी. (प्रतिष्ठा) के 91 विद्यार्थी, त्रिवर्षीय एलएल.बी के 24 विद्यार्थी तथा एक वर्षीय एलएल.एम के 22 विद्यार्थी या तो उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं या कहीं काम कर रहे हैं, जबकि कुछ ही छात्र प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath