दमिश्क, 5 मार्च (आईएएनएस)। ‘शरणार्थियों की तस्करी’ के मामले में दो लोगों को दोषी पाया गया है और उन्हें चार साल और दो महीने जेल की सजा सुनाई गई है। यह मामला आयलान कुर्दी और चार अन्य शरणार्थियों की डूब कर मौत हो जाने से जुड़ा है।
आयलान कुर्दी मामले की काफी चर्चा हुई थी और इसने दुनिया का ध्यान शरणार्थियों के मुद्दे पर खींचा था।
शुक्रवार को तुर्की की एक अदालत ने दो सीरियाई मुफावाका अलाबास और असेम अलफरहाद को तस्करी के जुर्म में यह सजा सुनाई है जबकि गैरइरादतन हत्या के आरोप से बरी कर दिया। सीएनएन ने यह जानकारी दी है।
अगर इन दोनों पर 5 लोगों की लापरवाही के कारण हुई मौत के मामले में गैरइरादतन हत्या का आरोप साबित हो जाता तो उन्हें 35 साल जेल की सजा मिलती।
अयालान और उसका परिवार कनाडा के वेंकुवर में अपने रिश्तेदारों के पास जा रहा था। इस दुर्घटना में आयलान की मां और उसका 5 वर्षीय भाई भी मारे गए। ये सभी सीरिया में जारी संघर्ष और गोलीबारी से बचने के लिए भाग रहे थे।
आयलान के परिवार में सिर्फ उसके पिता अब्दुल्ला कुर्दी ही बच पाए और वे शरणार्थी के रूप में कनाडा में रह रहे हैं।
अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी संगठन ने कहा है कि इस साल अब तक भूमध्यसागर द्वारा लगभग 1,30,000 शरणार्थी पहुंचे हैं, जबकि इनमें 400 लोगों की रास्ते में ही मौत हो गई।
dharmpath.com dharmpath